आगरा उत्तर प्रदेश

आगरा हौजरी एसोसिएशन के चुनाव संपन्न, लगातार चौथी बार अध्यक्ष बने राकेश बंसल

  • सर्वसम्मति से हुआ पदाधिकारियों का चुनाव, सावन महोत्सव में दिखी एकजुटता
  • व्यापारियों की समस्याओं का समाधान और संगठन की मजबूती प्राथमिकता
  • संगठन में पारदर्शिता और बेहतर समन्वय का संकल्प

आगरा। रामलीला मैदान स्थित श्री राम हनुमान मंदिर में ‘आगरा हौजरी मैन्युफैक्चरर्स एंड ट्रेडर्स ऑर्गेनाइजेशन’ की कार्यकारिणी के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुए। चुनाव में संस्था के सदस्यों ने सर्वसम्मति से लगातार चौथी बार राकेश बंसल को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी। उनके साथ आलोक जैन को महामंत्री तथा रूपेश जुनेजा को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई।

चुनाव प्रक्रिया बालकिशन माहेश्वरी एवं मुन्नालाल जैन की देखरेख में निष्पक्षता से संपन्न कराई गई। चुनाव के उपरांत सभी उद्यमियों एवं व्यापारियों ने मिलकर सावन महोत्सव का आयोजन किया। सावन के उल्लास के बीच सभी सदस्यों ने पारंपरिक दाल-बाटी का आनंद लिया। इस दौरान व्यापारिक एकजुटता के साथ-साथ सामाजिक और पारिवारिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला, जहां सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई दी।

चौथी बार अध्यक्ष चुने जाने पर राकेश बंसल ने सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार जताया गया यह विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि हौजरी कारोबार से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। संगठन की असली ताकत सदस्यों की एकजुटता में है और सभी को साथ लेकर व्यापार हित में कार्य करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।

महामंत्री आलोक जैन ने कहा कि सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जाएगा और कारोबारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मुद्दों को उचित मंच पर उठाया जाएगा। कोषाध्यक्ष रूपेश जुनेजा ने संस्था की आर्थिक व संगठनात्मक मजबूती के लिए पारदर्शी कार्यशैली का वादा किया। इस अवसर पर चंद्र मोहन माहेश्वरी, सत्य प्रकाश गुप्ता, विश्वनाथ जुनेजा, गोपाल माहेश्वरी सहित कार्यकारिणी के अनेक सदस्य व व्यापारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the story