आगरा (रोमा)। फतेहाबाद रोड स्थित ग्रैंड मर्करी होटल में ‘ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन’ का प्रथम स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी, आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल और नेशनल चैंबर अध्यक्ष मनोज बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर आगरा के इस तेजी से उभरते उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने और समस्याओं के समाधान के लिए प्रमुख मांगें उठाई गईं।
टूथब्रश की तर्ज पर सभी ब्रशों पर 5% जीएसटी लागू करने की मांग
संस्था के सचिव नितिन कुमार अग्रवाल ने उद्योग हित में प्रमुख मांग उठाते हुए कहा कि टूथब्रश की तरह ही बालों, शेविंग और सफाई में इस्तेमाल होने वाले अन्य सभी ब्रशों पर जीएसटी की दर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत की जानी चाहिए। कर ढांचे में इस सुधार से एमएसएमई (MSME) इकाइयों को समान अवसर मिलेंगे, जिससे उत्पादन, निर्यात और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी साझा किया कि ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) में हाल ही में राहत पाने वाले 400 उद्योगों में से 13 उद्योग ब्रश एंड क्लीनिंग क्षेत्र के हैं, जो बेहद उत्साहवर्धक है।
ओडीओपी योजना में शामिल कराने और क्लस्टर मॉडल पर जोर
संस्था के अध्यक्ष अमित मोरियानी और लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने उद्योग को संगठित रूप देने पर बल दिया। अमित मोरियानी ने बताया कि उद्योग को ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) योजना में शामिल कराना और जियो टैगिंग कराना प्राथमिकता है। इसके लिए संयुक्त आयुक्त उद्योग के मार्गदर्शन में एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही कानपुर में औद्योगिक सचिव से भेंट करेगा। वक्ताओं ने कहा कि क्लस्टर मॉडल अपनाने से यह उद्योग पूरे देश के लिए मिसाल बनेगा।
चीन को चुनौती दे रहा आगरा का उद्योग, सामाजिक सरोकार में भी आगे
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि आगरा का ब्रश उद्योग अपनी गुणवत्ता से चीन के वर्चस्व को चुनौती देते हुए वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ा रहा है। कार्यक्रम में सह कोषाध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं, सामाजिक दायित्व निभाते हुए एसोसिएशन ने आगरा व्यापार मंडल के आगामी रक्तदान शिविर के लिए ₹51,000 की सहयोग राशि और 500 रक्तदान पंजीकरण फॉर्म भी सौंपे।





