- लखनऊ में सीएम योगी के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का विकास भवन में हुआ सजीव प्रसारण
- विधायक चौधरी बाबूलाल और मुख्य विकास अधिकारी ने नवचयनित अभ्यर्थियों को सौंपे पत्र
- पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण मनोयोग से राजकीय कार्यों का निर्वहन करने की दी गई प्रेरणा
आगरा (रोमा)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार देने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में संजय प्लेस स्थित विकास भवन सभागार में मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आगरा जनपद के लिए नवचयनित 28 प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से नवचयनित प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी को नियुक्ति पत्र बांटने के कार्यक्रम का सजीव (लाइव) प्रसारण किया गया। विकास भवन में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम जनमानस ने इस प्रसारण को पूरे उत्साह के साथ देखा व सुना। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने अपने हाथों से सभी 28 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उन्हें नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

पारदर्शिता के साथ योग्य युवाओं को रोजगार दे रही योगी सरकार
नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान नवचयनित प्राविधिक सहायकों को संबोधित करते हुए विधायक चौधरी बाबूलाल ने कहा कि हमारी सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है। आज से आप सभी एक नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। मेरी आप सभी से यही अपेक्षा है कि पूर्ण मनोयोग और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। आम जनमानस और किसानों की भलाई के लिए राजकीय कार्यों को पूरी ईमानदारी से करें, यही आपकी सच्ची जनसेवा होगी।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार, उपायुक्त (स्वत: रोजगार) प्रेम चंद, उप निदेशक (भू-संरक्षण) आगरा मंडल नीरज रान कटियार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी खगेन्द्र सिंह और जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सहित कई अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





