आगरा उत्तर प्रदेश धर्म

21 साल बाद आगरा में गूंजेगी मोरारी बापू की अमृतवाणी, 15 सितंबर से जेपी वेडिंग ग्राउंड पर होगी भव्य रामकथा

आगरा। ताजनगरी आगरा में श्रीराम की भक्ति, मर्यादा और प्रेम का संदेश फैलाने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक संत मोरारी बापू एक बार फिर पधार रहे हैं। आगामी 15 सितंबर से 23 सितंबर तक फतेहाबाद रोड स्थित जेपी वेडिंग ग्राउंड में नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की आधिकारिक घोषणा हरी पर्वत स्थित चोखो जीमन रेस्टोरेंट में श्री हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ आयोजित उद्घोषणा समारोह में की गई। बापू के आगमन की खबर से आगरा और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और आध्यात्मिक उमंग का माहौल है।

2003 के बाद बापू का आगरा आगमन, 2 सितंबर को होगा भूमि पूजन

आयोजक मंडल के अंशुल गुप्ता और कार्तिक गुप्ता ने बताया कि पूज्य मोरारी बापू इससे पूर्व वर्ष 2003 में आगरा आए थे। लगभग दो दशक से अधिक (21 वर्ष) के लंबे इंतजार के बाद बापू की वाणी पुनः आगरा में गूंजेगी। मनीष मित्तल और मनोज त्रिपाठी ने जानकारी दी कि कथा की तैयारियों को गति देने के लिए आगामी 2 सितंबर को प्रातः 8:30 बजे कथा स्थल (जेपी वेडिंग ग्राउंड) पर भूमि पूजन किया जाएगा। 15 सितंबर को शाम 4 बजे बापू रामकथा का शुभारंभ करेंगे, जिसके बाद 16 से 23 सितंबर तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से श्रद्धालुओं को कथा का अमृतपान कराएंगे।

भव्य मंच पर विराजेंगे हनुमान जी और 5 हजार श्रद्धालुओं की व्यवस्था

कथा स्थल की व्यवस्थाओं पर प्रकाश डालते हुए देवेश शाह और संजीव जैन ने बताया कि पंडाल में 32 बाई 40 फीट का एक विशाल एवं भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। इसी मंच पर व्यास पीठ बनाई जाएगी, जहां भगवान श्री हनुमान जी का दिव्य स्वरूप विराजित होकर श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन में आगरा सहित विभिन्न जिलों और राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्य पंडाल में 5,000 लोगों के बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था की जा रही है।

जीवन में प्रेम, सत्य और मानवीय मूल्यों को उतारने का संदेश

आयोजक ललित गुप्ता और सतीश कुमार शाह ने कहा कि मोरारी बापू की कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, प्रेम, करुणा और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का आध्यात्मिक अनुभव है। बापू अपनी सहज और भावपूर्ण शैली में बताते हैं कि श्रीराम केवल आराध्य नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा हैं। आयोजकों ने सभी रामभक्तों से इस नौ दिवसीय आयोजन में उपस्थित होने की अपील की।

इस अवसर पर दिव्या गुप्ता, रीटा शाह, राकेश गुप्ता, विजय सिंह, अमित पोद्दार, लता गुप्ता, निराली शाह, सीताराम अग्रवाल, रैलेश अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Share the story