आगरा उत्तर प्रदेश धर्म

कैलाश मेले में डमरुओं की गूंज और पुष्प-इत्र वर्षा से शिवमय हुआ माहौल, उमड़ा आस्था का सैलाब

  • ॐ श्री शिव रूद्राक्ष सेवा समिति ट्रस्ट ने किया 19वें विशाल भंडारे का भव्य आयोजन
  • उज्जैन के 30 सदस्यीय महाकाल डमरू दल की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध
  • हलवा-पूड़ी से लेकर आइसक्रीम और कुल्फी तक, विविध व्यंजनों की प्रसादी बनी आकर्षण का केंद्र

आगरा। ताजनगरी आगरा में सावन के तीसरे सोमवार को कैलाश मेले के अवसर पर आस्था, सेवा और भक्ति का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। ॐ श्री शिव रूद्राक्ष सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से सिकंदरा स्थित पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर केयर हॉस्पिटल में 19वें विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस भंडारे में उज्जैन से आए 30 सदस्यीय श्री महाकाल डमरू दल की शानदार प्रस्तुतियों, पुष्प और इत्र वर्षा ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के संरक्षक डॉ. संदीप अग्रवाल द्वारा भोलेनाथ की आरती और भोग लगाकर किया गया। इसके बाद दिनभर भंडारे का दौर चलता रहा। सबसे बड़ा आकर्षण उज्जैन से आया डमरू दल रहा। डमरुओं की एक साथ गूंजती थाप और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। डमरुओं की गूंज के बीच दर्शनार्थियों पर लगातार पुष्प और इत्र की वर्षा की गई, जिससे पूरा आयोजन स्थल सुगंधित हो गया।

समिति के संस्थापक संदीप सिंघल और सह-संस्थापक सचिन गोयल ने बताया कि उनका मुख्य प्रयास यह था कि कैलाश मेले में आने वाला हर शिवभक्त एक ऐसा अनुभव लेकर लौटे, जो उसे लंबे समय तक याद रहे। उज्जैन का डमरू दल और पुष्प-इत्र वर्षा इसी भावना का हिस्सा थे, जो भोलेनाथ के चरणों में एक छोटी-सी भेंट है।

विविध व्यंजनों की रही भरमार

अध्यक्ष सौरभ वर्मा और महामंत्री अविनाश राणा ने जानकारी दी कि भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए ढ़ेरों स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था थी। इसमें हलवा, पूड़ी-सब्जी, खीर, कचौड़ी, छोले-चावल, राजमा-चावल, विभिन्न पकौड़े, गुलाब जामुन, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, जीरा सोडा, कुल्फी और बच्चों के लिए कुरकुरे- चिप्स जैसी चीजें शामिल थीं। कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र गोयल ने बताया कि समिति दो माह पहले से तैयारियां शुरू कर देती है, ताकि कोई भी शिवभक्त घर लौटते समय भूखा न रहे।

आयोजन को सफल बनाने में अमित यादव, सोनू मित्तल, मनोज सिंघल, सुमित गोयल सहित समिति के सभी सदस्यों और शहर के गणमान्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।

About The Author

Share the story