आगरा उत्तर प्रदेश

मोतीगंज मंडी को आदर्श बनाने की उठी मांग, व्यापारियों ने जलभराव और जर्जर सड़कों पर जताया रोष

  • श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति ने महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित की गोष्ठी
  • मेयर हेमलता दिवाकर और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने दिया त्वरित समाधान का आश्वासन
  • गोष्ठी के बाद स्नेह मिलन समारोह में ब्रज की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और दाल-बाटी का लिया आनंद

आगरा। शहर के प्रमुख खाद्य व्यापारिक केंद्र श्री मोतीगंज मंडी के व्यापारियों ने सड़क, सफाई, जलभराव और यातायात जैसी मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान की जोरदार मांग उठाई है। श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति द्वारा लोहा मंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित व्यापारिक गोष्ठी में व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि मंडी को केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर ‘आदर्श मंडी’ बनाने की आवश्यकता है।

व्यापार हो रहा प्रभावित

गोष्ठी में समिति के सदस्यों ने बताया कि मोतीगंज में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में व्यापारिक गतिविधियां संचालित होती हैं। इसके बावजूद यहां सड़क और सफाई व्यवस्था अत्यंत बदहाल है। खराब सड़कों और बरसात में जलभराव के कारण माल ढुलाई और वाहनों की आवाजाही में काफी कठिनाई होती है, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। व्यापारियों ने मांग रखी कि सुदृढ़ सड़क निर्माण, नियमित सफाई, सुगम यातायात और जलभराव से मुक्ति के लिए एक ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।

व्यापारी को अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष भगवान दास बंसल और समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल व महामंत्री शैलेंद्र अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेयर हेमलता दिवाकर ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने व्यापारियों को अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

ब्रज संस्कृति की दिखी मनमोहक छटा

व्यापारिक गोष्ठी के पश्चात पारिवारिक स्नेह मिलन समारोह का उल्लासपूर्ण आयोजन हुआ। वृंदावन से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य, फूलों की होली और सावन की मल्हार की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को ब्रजमय कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी व्यापारिक परिवारों ने पारंपरिक दाल-बाटी के भोज का आनंद लिया और एकजुटता का संदेश दिया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मयंक मंगल, उपाध्यक्ष श्रीनाथ बंसल, विशन स्वरूप गोयल, अखिलेश गोयल, मोहित गर्ग, संजीव सिंघल और प्रमोद कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the story