आगरा उत्तर प्रदेश व्यापार

नेशनल चैम्बर की नई वेबसाइट ‘www.ncicagra.in’ हुई लॉन्च

आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स सभागार में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में चैम्बर की नव-अपडेटेड वेबसाइट www.ncicagra.in का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त उद्योग श्री शैलेन्द्र सिंह ने अपने करकमलों द्वारा इस आधुनिक वेबसाइट को डिजिटल पटल पर लॉन्च किया। कार्यक्रम का सफल संचालन आईटी प्रकोष्ठ के चेयरमैन सचिन सारस्वत ने किया।

डिजिटल युग में व्यापारियों को घर बैठे मिलेगी बैठकों और गतिविधियों की जानकारी

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि आज के डिजिटल युग में संस्था की वेबसाइट का समय के साथ अपडेट होना नितांत आवश्यक है। अब कोई भी उद्यमी एवं व्यापारी कहीं से भी नेशनल चैम्बर के बारे में पूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकता है। वेबसाइट पर चैम्बर की विभिन्न गतिविधियों और आगामी बैठकों की सूचना उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने आगे बताया कि शीघ्र ही चैम्बर की बैठकों का वर्चुअल लिंक भी एक्टिव किया जाएगा, जिससे सदस्य अपनी फर्म में रहकर ही बैठकों में सहभागिता और अपने सुझाव प्रेषित कर सकेंगे।

वेबसाइट पर एमएसएमई योजनाओं और इंडस्ट्रियल एरिया की भी मिलेगी जानकारी: उपायुक्त उद्योग

मुख्य अतिथि उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह ने चैम्बर की इस पहल को अत्यंत सराहनीय कदम बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि इस वेबसाइट पर जिला उद्योग केंद्र का लिंक भी जोड़ा जाना चाहिए, जिससे उद्यमियों को प्रस्तावित इंडस्ट्रियल एरिया की जानकारी, उद्योगों की एनओसी के लिंक, एमएसएमई की योजनाओं और सब्सिडी के आदेशों की प्रतियां सुलभ हो सकें। उन्होंने कहा कि जिला उद्योग केंद्र इस सूचना संकलन में पूर्ण सहयोग करेगा। पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने उपायुक्त उद्योग के सुझावों का स्वागत करते हुए इन्हें शीघ्र वेबसाइट पर शामिल करने की बात कही।

पत्रिका ‘नाचिक’ का डिजिटल संस्करण और ऑनलाइन सुझाव भेजने की मिली सुविधा

आईटी प्रकोष्ठ के चेयरमैन सचिन सारस्वत ने बताया कि वेबसाइट में चैम्बर का इतिहास, प्रेसीडेंट डेस्क, कार्यकारिणी, पूर्व अध्यक्षों व विभिन्न प्रकोष्ठ चेयरमैनों की सूची मोबाइल नंबर सहित अपडेट की गई है। पंजीकृत सदस्य अपना सदस्यता क्रमांक व फर्म का नाम डालकर विवरण प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, सुझाव भेजने की व्यवस्था और चैम्बर की गृह पत्रिका ‘नाचिक’ को डिजिटल रूप में पढ़ने की सुविधा भी जोड़ी गई है।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, अनिल वर्मा, प्रशांत जैन, विजय कुमार गुप्ता, मयंक मित्तल, गोमित जैन, सुशील बंसल, मयंक अग्रवाल सहित कई प्रमुख उद्यमी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the story