आगरा उत्तर प्रदेश व्यापार

18% जीएसटी और एमजी रोड पर पाबंदी से टेंट- क्रॉकरी कारोबारी बेहाल, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

आगरा। आगरा महानगर टेंट लाइट क्रॉकरी एंड कैटरर्स एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारिणी स्वागत-सम्मान समारोह सह गोष्ठी में कारोबारियों ने सरकार और प्रशासन के समक्ष अपनी गंभीर समस्याएं उठाई हैं। प्रतापपुरा स्थित ‘द रमाना ग्रांड’ में आयोजित कार्यक्रम में व्यवसायियों ने जीएसटी दर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने तथा एमजी रोड पर व्यावसायिक वाहनों के आवागमन में छूट देने की प्रमुख मांग रखी। संगठन ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान न होने पर प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

18% जीएसटी से टूट रही कमर, 5% करने से बढ़ेगा सरकारी राजस्व

गोष्ठी में चेयरमैन राजेश गोयल ने कहा कि टेंट, लाइट, क्रॉकरी और कैटरिंग व्यवसाय से बड़ी संख्या में छोटे व्यापारी, कारीगर, श्रमिक और चालक जुड़े हैं। वर्तमान में 18 प्रतिशत की ऊंची जीएसटी दर के कारण व्यवसायियों पर अत्यधिक आर्थिक दबाव पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत की जाए। कर दर कम होने से कारोबार में पारदर्शिता आएगी, अधिक व्यापारी कर व्यवस्था में शामिल होंगे और सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।

एमजी रोड पर प्रतिबंध और बढ़ते भाड़े से कारोबारी परेशान

अध्यक्ष प्रशांत बंसल एवं महामंत्री धर्मवीर कौशिक ने यातायात व्यवस्था को बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि एमजी रोड पर व्यावसायिक वाहनों के प्रतिबंध से सामान पहुंचाना बेहद मुश्किल हो गया है। सरकारी कार्यक्रमों के दौरान वाहनों को अनुमति मिलती है, जबकि निजी और सामाजिक समारोहों के वाहनों पर रोक लगा दी जाती है। इसके अलावा बढ़ते किराया-भाड़ा से ग्राहकों का बजट भी बिगड़ रहा है। प्रशासन को समय सीमा निर्धारित कर व्यावसायिक वाहनों को व्यावहारिक छूट देनी चाहिए।

एकजुट होकर संघर्ष का आह्वान, मांगें न मानने पर होगा आंदोलन

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण शर्मा, प्रदेश मंत्री प्रवीण चौहान, जगदीश नागर, विनोद पाल, संजय अग्रवाल आदि का स्वागत-सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन से संवाद ही पहली प्राथमिकता है, लेकिन समाधान न होने पर संगठन प्रदेश स्तर पर एकजुट होकर संघर्ष करेगा। इस दौरान कोषाध्यक्ष राजीव गुप्ता, सौरभ अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, विक्रम कुशवाहा, मुकेश निर्वाणिया सहित कई कारोबारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the story