आगरा उत्तर प्रदेश धर्म

जनकपुरी महोत्सव 2026 का शंखनाद, अशोक गोयल बने ‘राजा जनक’

  • भावना एस्टेट में केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन, हवन-पूजन के साथ हुआ शुभारंभ
  • अशोक गोयल बने राजा जनक, लता गोयल निभाएंगी रानी सुनयना का पावन स्वरूप
  • महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए समिति की पहली कार्यकारिणी घोषित

आगरा (रोमा)। उत्तर भारत के सबसे प्रतिष्ठित और भव्य धार्मिक आयोजनों में शामिल ‘श्री जनकपुरी महोत्सव 2026’ का विधिवत शुभारंभ गुरुवार को भावना एस्टेट आवासीय परिसर स्थित क्लब हाउस में हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन और हवन-आहुतियों के साथ महोत्सव के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस दौरान जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने अपनी पत्नी अनीता यादव के साथ यजमान बनकर हवन संपन्न किया, जिसके पश्चात स्थानीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने फीता काटकर केंद्रीय कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया।

अशोक और लता गोयल निभाएंगे राजा जनक व रानी सुनयना का स्वरूप
इस बार जनकपुरी महोत्सव में एकेजी ग्रुप के प्रमुख व प्रसिद्ध उद्योगपति अशोक कुमार गोयल ‘राजा जनक’ तथा उनकी धर्मपत्नी लता गोयल ‘रानी सुनयना’ का पावन स्वरूप निभाएंगे। राजा जनक के स्वरूप की घोषणा होते ही सभागार जय श्रीराम और माता जानकी के जयकारों से गूंज उठा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, भारतीय संस्कृति और आदर्श पारिवारिक मूल्यों का जीवंत उत्सव है।

महोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रथम कार्यकारिणी घोषित
जनकपुरी महोत्सव 2026 को दिव्य और अविस्मरणीय स्वरूप देने के लिए प्रथम कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। इसमें मार्गदर्शक के रूप में भगत सिंह बघेल, डॉ. एके सिंह व अशोक कुमार गुप्ता, मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंकुश मित्तल, महामंत्री मनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह तथा स्वागताध्यक्ष के रूप में अरविंद शर्मा को दायित्व सौंपा गया।

“माता जानकी का कन्यादान जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य”
राजा जनक के स्वरूप में चयन के बाद अशोक कुमार गोयल और लता गोयल भावुक हो उठे। अशोक गोयल ने कहा कि अपनी बेटी के विवाह से पहले प्रभु श्री राम की अर्धांगिनी माता जानकी के पिता बनकर कन्यादान करने का अवसर मिलना ईश्वर की असीम कृपा और विधाता का अद्भुत विधान है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि भावना एस्टेट को पहली बार इस ऐतिहासिक महोत्सव की मेजबानी का सौभाग्य मिला है, जो क्षेत्र में सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता बढ़ाएगा। कार्यक्रम में राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल, रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल सहित कई प्रमुख गणमान्य लोग मौजूद रहे।

About The Author

Share the story