उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने शहीद पुलिसकर्मियों को दिया गार्ड ऑफ ऑनर, घायलों से की मुलाकात

कानपुर: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानपुर मुठभेड़ में शहीद हुए 8 पुलिसकर्मियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सीएम योगी ने कानपुर पुलिस लाइन हॉल में कहा कि पुलिसकर्मी स्वयं के सुख चैन को भूलकर लगातार काम कर रहे हैं। पुलिसकर्मी ड्यूटी के बाद भी अपराध को खत्म करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। इसी सिलसिले में कानपुर में दबिश दी गई थी। मैं इन बहादुर जवानों की शहादत को कोटि कोटि नमन करता हूं।

सीएम योगी ने कहा कि यूपी सरकार नागरिकों के लिए हमेशा खड़ी है। साथ ही सरकार शासन प्रणाली से जुड़े हर व्यक्ति और उसके परिवार के भी साथ खड़ी है। इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलेगी। हमारे जवानों का बलिदान व्यर्थ नही जाएगा।

इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ कानपुर के रीजेंसी अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनका हाल जाना। सीएम योगी ने भरोसा दिलाया कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। योगी ने कहा कि घायलों का अच्छा इलाज हमारी प्राथमिकता है। इसके साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये के साथ नौकरी व पेंशन देने का भी ऐलान किया।

About The Author

Share the story