- उच्चीकृत पर्यटन कार्यालय देसी- विदेशी पर्यटकों के लिए ‘वन- स्टॉप सेंटर’ के रूप में कर रहा कार्य
- भवन में आधुनिक पर्यटन सूचना केंद्र, भव्य वेटिंग रूम, रिसेप्शन काउंटर और बनाए गए विशेष बैठक कक्ष
- पर्यटकों को गाइड, होटल बुकिंग, होम स्टे और अन्य दर्शनीय स्थलों के बारे में मिलेगी विस्तृत जानकारी
आगरा (रोमा)। ताजमहल की वैश्विक ख्याति के कारण विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली ताजनगरी में अब पर्यटकों का स्वागत और अधिक आधुनिक अंदाज में होगा। योगी सरकार ने पर्यटन सुविधाओं में इजाफा करते हुए ब्रज के क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय का पूरी तरह कायाकल्प कर दिया है। लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से इस पुराने कार्यालय को एक उच्चीकृत और आधुनिक ‘हाई-टेक’ पर्यटन भवन के रूप में विकसित किया गया है।
आधुनिक सुख-सुविधाओं से सुसज्जित भवन
पुनर्निर्मित पर्यटन कार्यालय को पूरी तरह पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यहाँ एक भव्य पर्यटन सूचना केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा, पर्यटकों के आराम के लिए आधुनिक वेटिंग रूम, एक सुसज्जित रिसेप्शन काउंटर, पार्किंग, टॉयलेट ब्लॉक और आधिकारिक बैठकों के लिए बैठक कक्ष का निर्माण किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे भवन में सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों और स्टाफ के लिए बेहतर कार्यस्थल
कायाकल्प की इस प्रक्रिया में न केवल पर्यटकों, बल्कि विभागीय कर्मचारियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। भवन में क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों के लिए नए चैंबर, स्टाफ रूम और एक बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल तैयार किया गया है। यह नया स्वरूप न केवल कार्यक्षमता बढ़ाएगा बल्कि आने वाले आगंतुकों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा।
एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी सारी जानकारी
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि उच्चीकृत क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय अब पूरी तरह से सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। ब्रज क्षेत्र में आने वाले लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए यह कार्यालय अब एक ‘वन-स्टॉप’ सेंटर बन गया है। यहाँ पर्यटक ताजमहल सहित ब्रज के अन्य स्मारकों और दर्शनीय स्थलों की विस्तृत जानकारी ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि यहाँ पर्यटकों को अधिकृत गाइड, होटल बुकिंग, होम स्टे और स्थानीय परिवहन जैसी सुविधाओं की सटीक जानकारी एक ही छत के नीचे मिल रही है, जिससे उन्हें शहर में भटकना नहीं पड़ेगा।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
योगी सरकार का यह कदम आगरा और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है। इस आधुनिक कार्यालय के माध्यम से पर्यटकों की शिकायतों और जिज्ञासाओं का समाधान अब त्वरित गति से संभव हो सकेगा। इससे न केवल पर्यटकों का अनुभव सुखद होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश पर्यटन की छवि विश्व स्तर पर और अधिक मजबूत और पेशेवर होकर उभरेगी।





