- अभूतपूर्व इंतजामों से खुश कांवड़िये, सौहार्दपूर्ण माहौल में कर रहे यात्रा
- सुरक्षा और सुविधाओं को दी प्राथमिकता, सड़कें हुई गड्ढा-मुक्त, मंदिरों पर विशेष व्यवस्था
आगरा (रोमा)। श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही शिव भक्ति का उत्साह चरम पर है। आगरा जो अपने चारों कोनों पर विराजमान प्रमुख शिव मंदिरों (राजेश्वर महादेव, बलकेश्वर महादेव, कैलाश महादेव और पृथ्वीनाथ महादेव) के लिए जाना जाता है, कांवड़ यात्रियों और भक्तों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। योगी सरकार ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।
सावन माह की शुरुआत के साथ ही योगी सरकार का सुरक्षित और सुविधाजनक कांवड़ यात्रा का संकल्प साकार होता दिख रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व इंतजामों से शिव भक्त बेहद खुश हैं और अपनी यात्रा को सौहार्दपूर्ण माहौल में पूरा कर रहे हैं। सावन माह में जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
मंदिर परिसरों और घाटों की साफ-सफाई
सरकार ने कांवड़ यात्रियों के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं, जिसमें सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। मंदिर परिसरों और यमुना घाटों की विशेष साफ- सफाई सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा कांवड़ रूटों की सभी सड़कों को गड्ढा- मुक्त कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को चलने में कोई परेशानी नहीं हो रही है।
महिला कांवड़ियों की सुरक्षा पर खास ध्यान
यात्रा के दौरान महिला कांवड़ियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिससे महिला भक्त बिना किसी चिंता के अपनी यात्रा पूरी कर पा रही हैं।
यातायात प्रबंधन और सुगम आवाजाही
कांवड़ यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात डायवर्जन की योजना भी बनाई गई है। कांवड़ रूटों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा, ताकि भक्तों को कोई असुविधा न हो और सामान्य यातायात भी बाधित न हो। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यमुना घाटों पर बैरिकेडिंग करने, पीएसी, जल पुलिस के सात गोताखोरों की तैनाती, सीसीटीवी, अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था भी की गई है।
सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित
इस संबंध में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने कहा कि हमने कांवड़ यात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती यह सुनिश्चित करती है कि सभी यात्री सुरक्षित रहें। हमारा ध्यान सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने और सभी के लिए यात्रा को सुगम बनाने पर है।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि रास्तों की मरम्मत, नगर निगम को उचित सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। यमुना घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। पवित्र नदियों से कांवड़ में जल लेकर चलने वाले कांवड़ियों के लिए घाटों, मार्गों और विश्राम स्थलों में सुरक्षा और व्यवस्था के सभी इंतजाम किए गए हैं।
कांवड़ियों की जुबानी, इंतजामों की कहानी
कासगंज के सोरों से पवित्र गंगा जल कांवड़ में लेकर निकले मध्य प्रदेश के शिवपुरी के रहने वाले कांवड़िये योगी सरकार के द्वारा किए गए इंतजामों से काफी संतुष्ट नजर आए।
सड़कें बहुत अच्छी हैं, कोई गड्ढा नहीं है। यात्रा करना बहुत आरामदायक है। – उदयभान सिंह, कांवड़िया
मंदिरों और घाटों पर साफ- सफाई देखकर बहुत अच्छा लगा। व्यवस्थाएं शानदार हैं। – राम कुमार यादव, कांवड़िया
योगी सरकार ने हमारे लिए जो इंतजाम किए हैं, वे वाकई सराहनीय हैं। हम बिना किसी चिंता के यात्रा कर रहे हैं। – कल्याण सिंह, कांवड़िया
महिला पुलिसकर्मियों को देखकर हम सुरक्षित महसूस करते हैं। यह योगी सरकार की बहुत अच्छी पहल है। – दीपिका, महिला कांवड़िया





