उत्तर प्रदेश

ताजनगरी में शुरू हुई जोरदार बारिश, लोगों को उमस भरी गर्मी से मिली राहत

आगरा (रोमा): ताजनगरी के लोगो को गुरुवार से उमस भरी गर्मी से आखिरकार राहत मिल ही गई। कई दिनो के इंतजार के बाद मानसून ने आगरा मे दस्तक दे ही दी। सुबह 6 बजे से ही इंद्र देव आगरा पर मेहरबान दिखाई दिए। झमाझम बारिश से आगरा मे पारा नीचे लुढ़क गया।

गुरुवार को हुई बारिश होने से आगरा वासियों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। सुबह करीब 6 बजे से पूरे शहर में जोरदार बारिश शुरू हुई। तेज बिजली कड़कने के साथ मूसलाधार बारिश ने आधे घंटे में ही पूरे शहर को तलैया बना दिया। जिन इलाकों में अमूमन पानी नहीं भरता है, वे भी जलमग्‍न नजर आए। सड़कों पर नदियां बहने लगीं। वहीं निचले इलाकों में घरों के अंदर पानी भर गया।

बारिश और ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। जहां बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री के करीब था। वहीं गुरुवार को तापमान 30 डिग्री के पास पहुंच गया। बच्चों ने भी बारिश का जमकर लुत्फ उठाया। ताजमहल, आगरा किला और सिकदंरा पर पर्यटकों ने भी बारिश के आनंद लिए। पर्यटकों ने भीगते हुए ताजमहल का दीदार किया।

ताजनगरी में सुबह से ही मौसम मस्त हो गया है। इससे आगरा की आबोहवा में सुधार दिखाई दे रहा है। बुधवार को भी वायु गुणवत्ता संतोषजनक दिखाई दी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 63 रहा, जो मंगलवार के 70 से कम था। मंगलवार की अपेक्षा हवा में घुली अति सूक्ष्म कणों व धूल कणों की मात्रा में गिरावट आई है।

ब्रज के मथुरा और फिरोजाबाद में बुधवार शाम हल्की बारिश से राहत जरूर महसूस की गई। मगर, बुधवार को मौसम एक बार फिर ताजनगरी को दगा दे गया। दो दिन से झमाझम बारिश की उम्मीद लगा रहे लोगों को पूरे दिन सिर्फ बादलों से आस दिखती रही। देर शाम को उमस और गर्मी से परेशान लोगों की उम्मीदों पर जहां-जहां गिरी चंद बूंदों ने पानी फेर दिया। बूंदाबांदी के बाद उमस और बढ़ गयी। इसके चलते दिन ढलने के बाद भी पसीने छूटते रहे। बुधवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक था। 

About The Author

Share the story