आगरा उत्तर प्रदेश

Bhim Nagari: भव्य होगा भीम नगरी का रजत जयंती समारोह, तैयारियां शुरु, डॉ. अम्बेडकर के नाम पर हो बिजली घर मेट्रो स्टेशन

आगरा (रोमा): ताजनगरी में हर वर्ष डॉ. भीम राव अम्बेडकर की जयंती पर तीन दिवसीय भीम नगरी कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस साल भीम नगरी का रजत जयंती समारोह मनाया जाएगा, जिसको लेकर रविवार को केंद्रीय समिति की बैठक हुई। जिसमें समारोह को भव्य तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया।

आगरा के छिपीटोला स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को डॉ. भीम राव अम्बेडकर जयंती पर सजने वाली भीम नगरी आयोजन को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने की। इस बैठक में मौजूद समाज के सभी लोगों ने अपने-अपने प्रस्ताव रखें। इसमें एक मत से भीम नगरी की रजत जयंती को भव्य बनाने का निर्णय लिया गया। इस बार अप्रेल माह में भीम नगरी कार्यक्रम का आयोजन बिजली घर स्थित रामलीला मैदान पर किया जाना तय हुआ है। इसकी तैयारियों को लेकर केन्द्रीय एवं क्षेत्रीय समिति की बैठक सामुदायिक केंद्र पर हुई। इस मौके पर राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती के आयोजन 14 से 17 अप्रैल तक किया जाता है। गत वर्ष कोरोना के कारण भीम नगरी आयोजन को स्थगित करना पड़ा था। जिसमें महामहिम राष्ट्रपति का मुख्य अतिथि के तौर पर आना प्रस्तावित था। मगर इस बार भी महामहिम राष्ट्रपति को बुलाने का प्रयास कर रहे हैं। 

केंद्रीय समिति के अध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि भीम नगरी के आयोजन से पूर्व क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएंगे। इसको लेकर संबंधित विभागों को अवगत कराया जाएगा। अशोक पिप्पल ने कहा कि नाला काजीपाड़ा क्षेत्र वासियों के लिए समस्या बना हुआ है। इसका निर्माण जल्द करना चाहिए, जिससे आयोजन के दौरान लोगों को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े।

केंद्रीय समिति के महामंत्री धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि बिजली घर पर बनाने वाला मेट्रो स्टेशन का नाम बाबा साहब के नाम पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर के नाम पर रखा जाए। इस मौके पर संरक्षक करतार सिंह भारती, संयोजक सुभाष भिलावली, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश भारत, मीडिया प्रभारी आशीष कुमार प्रिंस, कोषाध्यक्ष श्याम जरारी, आदि उपस्थित रहे।

About The Author

Share the story