आगरा क्राइम

जिम में महिला से हुई छेड़छाड़, देवर की पिटाई

आगरा (रोेमा): आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र के एक जिम में वायुसेना के अधिकारी की रिश्तेदार महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला के बचाव के लिए उसका देवर आया तो, आरोपियों ने उसकी पिटाई लगा दी। वहीं धमकी देकर आरोपी जिम से चले गए। पीड़ित महिला की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और पीड़िता की तहरीर पर कमला नगर थाना में मुकदमा दर्ज कर लिया।

दरअसल नाई की मंडी क्षेत्र की पीडि़त महिला अपने पति और देवर के साथ रोजाना कमला नगर स्थित जिम आती हैं। शुक्रवार को पति नहीं आए थे, तो वो अपने देवर साथ जिम आ गई। पीड़ित महिला का आरोप है कि जिम में आयुष शर्मा और प्रतियुष शर्मा अपने दो दोस्तों अभिषेक यादव और शशांक गुप्ता के साथ आए थे। दोनों को जिम ज्वाइन करना था। वह महिला को घूरने लगे और फिर महिला का मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। इसका पता चलने पर महिला ने विरोध किया। मगर, आरोपी युवक महिला से उलझ गए। इस पर महिला के देवर भी युवकों से मना करने लगा। उस पर देवर से ही उल्टा महिला को ही जिम नहीं लाने की नसीहत देने लगे।

इसके बाद आरोपियों ने देवर की पिटाई भी कर दी और धमकी देकर चले गए। 30 मिनट बाद दोबारा आए और उनके साथ छह दोस्त और थे। सभी महिला और उनके देवर से विवाद करने लगे। देखते ही देखते जिम में हंगामा हो गया। जिम संचालक ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वो नही माने। पीड़ित महिला ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने से पहले आरोपी भाग गए। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

About The Author

Share the story