आगरा क्राइम

तिहरे हत्याकांड का तीसरा आरोपी भी मुठभेड़ में गिरफ्तार

आगरा: ताजनगरी के एत्मादउद्दौला क्षेत्र में हुए तिहरे हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी गजेंद्र की आज सुबह तड़के पुलिस से मुठभेड़ हो गई। थाना छत्ता क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात के बाद वह मानेसर भाग गया था और लौटकर आते ही वह पुलिस से टकरा गया। 

थाना एत्मादउद्दौला क्षेत्र में परचून की दुकान चलाने वाले रामवीर उसकी पत्नी और पुत्र की रविवार रात को बदमाशों ने हत्या करके उनका शव जला दिए थे। सोमवार सुबह तीनों के अधजले शव मिले। मंगलवार सुबह पुलिस ने मुख्य आरोपित सुभाष और उसके साथी वकील को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया। इनसे पूछताछ में पता चला था कि सुभाष के भाई गजेंद्र की भी घटना में अहम भूमिका है। तभी से पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। सुभाष ने पुलिस को बताया था कि घटना के बाद रविवार रात को ही गजेंद्र मानेसर चला गया था। आज सुबह छह बजे पुलिस को उसकी आने की जानकारी मिली। थाना छत्ता क्षेत्र में आस्था सिटी सेंटर के सामने जाते समय पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर ली। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद और सीओ छत्ता विकास जायसवाल पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। आरोपित ने पुलिस पर फायर किया और जवाबी फायरिंग में गजेंद्र के बांये पैर में गोली लग गई। उसे पुलिस ने उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया है। पूछताछ में उसने भी अपना जुर्म कबूल लिया।

इस मामले में पुलिस ने आरोपित सुभाष की माँ को भी सुबूत मिटाने में गिरफ्तार किया है। घटना की जानकारी होने के बाद भी उन्होंने पुलिस को नहीं बताया। जिस कमरे में पिता पुत्र की हत्या हुई थी, उसकी सफाई भी कर दी थी।

About The Author

Share the story