आगरा उत्तर प्रदेश मथुरा

ताजनगरी के लोगों को भा रही इलेक्ट्रिक बसों की सवारी, अब तक 22.29 लाख यात्री कर चुके हैं सफर

आगरा (रोमा): उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी की जनता को सुखद, आरामदायक और सुरक्षित पब्लिक ट्रांसपोर्ट के देने उद्देश्य से वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की सौगात दी है। बस में सफर करने वाले ताजनगरी के लोगों को भी वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें लुभा रही हैं। बीते 6 महीने में आगरा के करीब 22 लाख लोगों ने इन इलेक्ट्रिक बसों में यात्रा की है। इससे आगरा- मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट बस सर्विस लिमिटेड की कमाई में भी खासी वृद्धि हुई है।    

21 रूटों पर हो रहा, 58 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
आगरा- मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट बस सर्विस लिमिटेड द्वारा ताजनगरी में 8 फरवरी से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरुआत हुआ। अभी आगरा में 21 मार्गों (रूटों) पर 58 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। दो बसों को रिजर्व रखा गया है। पर्यटन नगरी होने के चलते आगरा में दो टूरिस्ट स्पेशल बसों का संचालन भी किया जा रहा है। जिससे ताजनगरी आने वाले पर्यटक ताजमहल, आगरा किला, एत्मादउद्दौला और सिकंदरा स्मारकों का दीदार कर रहै हैं। वहीं मथुरा में कुल 24 बसों का संचालन किया जा रहा है।

यात्रियों को भा रहा आरामदायक सफर
बस से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी आरामदायक सफर भा रहा है। यात्रियों ने कहा कि हमें छोटे बच्चे के साथ सफर करने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। गड्ढे में ज्यादा झटके नहीं लगे और स्पीड कम होने से सफर सुरक्षित महसूस हुआ। वहीं इलेक्ट्रिक बस में पहली बार सफर कर रहे युवाओं ने कहा कि बस से यात्रा करना सुखद एहसास है। अक्सर डीजल बस में बैठते थे, तो गंदगी से उल्टियां होती थीं। इसमें डीजल का धुआं नहीं लगा, इससे सफर बेहतर रहा।

यात्रियों की संख्या में लगातार हो रहा इजाफा
इन बसों में बीते 6 महीने में ही यात्रियों की संख्या तीन गुना हो गई है। पहले यहां की वातानुकूलित बसों में प्रतिदिन करीब 2,500 लोग यात्रा करते थे, लेकिन अब इन बसों में रोजाना 18 हजार यात्री यात्रा कर रहे हैं।

22.29 लाख यात्रियों को पहुंचाया मंजिल तक
प्रबंधक सारिका शर्मा ने बताया कि इससे आगरा- मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट बस सर्विस लिमिटेड की कमाई में भी खासी वृद्धि हुई है। फरवरी 2022 से लेकर अब तक कुल 22 लाख 29 हजार 168 यात्रियों ने इन बसों में सफर किया है। जिनसे विभाग को 2 करोड़ 45 लाख 62 हजार 652 रुपये की कमाई हुई है।

About The Author

Share the story