आगरा क्राइम

आगरा में सरेशाम महिला चिकित्सक गला रेतकर की निर्मम हत्या, देररात मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

आगरा: कमलानगर में शुक्रवार सरेशाम महिला चिकित्‍सक की गला काटकर हत्‍या कर दी गई। बदमाश ने महिला चिकित्सक के गले पर चाकू से प्रहार किया गया था। गंभीर हालत में दिल्‍ली गेट स्थित निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्‍टरों ने उन्‍हें मृत घोषित कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्‍याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

कमलानगर के कावेरी कुंज में निवासी प्‍लास्टिक सर्जन डा. अजय सिंघल की 38 वर्षीय पत्नी डेंटिस्‍ट डा. निशा सिंघल पर शुक्रवार दोपहर तीन बजे घर पर थीं। आठ वर्ष की बेटी और छह वर्ष का बेटा साथ थे। डा. अजय सिंघल अपने हॉस्पिटल गए हुए थे। डिश टीवी में खराबी आने पर उन्‍होंने ऑपरेटर को फोन किया। इस पर केबिल सही करने के लिए शुभम पाठक नाम का युवक घर पहुंचा। उसने बच्‍चों से ऊपर का दरवाजा बंद करने को कहा। बच्‍चे दरवाजा बंद करने गए तो इतने में उसने डा. निशा से मारपीट शुरू कर दी। बच्‍चे दरवाजा बंद करने के बाद नीचे आने लगे तो शुभम उनकी ओर दौड़ा। इस पर बच्‍चे डर गए और भागकर ऊपर अपने कमरे में छिप गए। किसी दूसरे रास्‍ते से शुभम इस कमरे में प्रवेश कर गया और उसने बच्‍चों को भी मारने की कोशिश की। बेटी के गले पर भी निशान हैं। सहमे हुए दोनों बच्‍चे कमरे में ही छिपे रहे। इसके बाद उन्‍हें यह नहीं पता चला कि नीचे क्‍या हो रहा है। शाम पांच बजे के करीब डा. अजय सिंघल घर पहुंचे तो उन्‍हें पत्‍नी रक्‍तरंजित हालत में बेहोश मिलीं। तब तक हमलावर भी भाग चुका था।

डॉ. अजय सिंघल अपनी घायल पत्नी डॉ. निशा सिंघल को अस्‍पताल लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही आइजी एवं एडीजी सहित भारी पुलिसफोर्स मौके पहुंच गए और हमलावर की तलाश में जुट गई। घर से क्‍या सामान लूटा गया है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। एडीजी अजय आनंद ने बताया कि चिकित्सक की हत्या करने वाले युवक की पहचान हो गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक शुभम तीन-चार दिन से रोजाना संपर्क कर रहा था। उसने घर में डिश टीवी लगाया था और अब यह भी बताया था कि उसने ट्रांस यमुना कॉलोनी में मोबाइल की दुकान खोल ली है। पुलिस को शुभम का मोबाइल नंबर हासिल हो गया है। वहीं सामने वाले घर में लगे सीसीटीवी की फुटेज से उसकी पहचान ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी शुभम पाठक के रूप में हुई। 

आइजी ए.सतीश गणेश ने पुलिस की कई टीमों को शुभम की तलाश में लगाया। देररात पुलिस ने हत्या और लूटपाट करने के आरोपी शुभम पाठक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रात 12:30 बजे उसे कालिंदी विहार 100 फुटा रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। उसके दाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपी शुभम पाठक से एक बैग बरामद हुआ है जिसमें कैश और जेवरात मिले हैं।

About The Author

Share the story