आगरा उत्तर प्रदेश देश दुनिया धर्म

‘रावण’ को सताया कोरोना का डर, दशहरा पर मास्क पहने नज़र आएंगे लंकेश

आगरा (बृज भूषण): लंकापति रावण को कोरोना वायरस से डर लगता है। शायद यही कारण है कि इस बार दशहरा पर दशानन कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहने नज़र आ रहे है। ताजनगरी में लोगों को जागरूक करने के लिए मूर्तिकारों ने इस तरह के पुतले बनाए हैं।

कोरोना के चलते आगरा में इस बार उत्तर भारत की प्रसिद्ध रामलीला का आयोजन नही हुआ है। रामलीला मैदान में रावण का दहन भी नहीं होगा, लेकिन गली-मोहल्ले में पुतले जलाए जाएंगे। दशहरा के लिए बाजार भी सज गए है। बाजार में लंकेश के तीन फीट से लेकर 10 फीट तक के पुतले मिल रहे हैं। रावण के पुतले पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल हैं। इसमें बांस की  खपच्ची और कागज का प्रयोग किया गया है। 

पीएम मोदी की अपील के बावजूद काफी लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं। न ही बाजारों में सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा है। इसलिए मूर्तिकारों ने रावण के मास्क पहने पुतले तैयार किए हैं। मूर्तिकार संतोष ने कहा कि लोग देखें कि रावण भी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क पहन रहा है और खुद भी कारोना से बचाव के लिए प्रेरित हों। हमें उम्मीद है कि दशहरा पर रावण पुतला दहन के साथ ही कोरोना रुपी रावण का भी दहन हो जायेगा।

कोरोना के चलते इस बार अब तक सिर्फ 200 पुतलों की बुकिंग हुई है। जो पिछले वर्ष से 50 फीसद है। मूर्तिकारों को दशहरा पर मांग बढ़ने की उम्मीद है। तीन फीट से लेकर 10 फीट तक के पुतले की कीमत 500 से लेकर 3000 रुपये तक है।

दशहरा के बाद सभी मूर्तिकार दीपावली की तैयारियों में जुट जाएंगे। दीपावली पर भगवान लक्ष्मी-गणेश की पूजा अर्चना की जाती है। जिससे दीपावली पर इनकी मूर्तियों की डिमांड बढ़ जाती है। मूर्तिकारों को अब दीपावली के त्यौहार से उम्मीद बंधी हुई है।

About The Author

Share the story