आगरा उत्तर प्रदेश

घर मे घुसा तेंदुआ, लोगों में हुई दहशत, वाइल्डलाइफ ने किया रेस्क्यू

आगरा (बृज भूषण): ताजनगरी के रिहायशी इलाके में आज एक तेंदुआ घुस आया। तेंदुए ने एक किशोर को पंजा मारकर घायल भी कर दिया। लेकिन लोगों की सूझबुझ से बड़ा हादसा टल गया।

थाना एत्मादउद्दौला क्षेत्र के सीता नगर में जाट वाली गली में सुबह छह बजे तेंदुआ घुस आया। जाट वाली गली में रहने वाले सुमित सोलंकी के घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था, इसी दौरान तेंदुआ उनके घर में घुस आया। घर के अंदर एक कमरे में छिपकर बैठ गया। जब सुमित किसी काम से कमरे में आए तो तेंदुए ने उन पर हमला बोल दिया और उनके पैरों पर पंजा मारकर जख्मी कर दिया। सुमित ने शोर मचाया तो तेंदुआ बाहर की तरफ भागा। पड़ोस में ही एक आठ साल की बच्ची भी बैठी थी, तेंदुआ उस पर झपट्टा मारता इससे पहले ही लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों के शोर से तेंदुआ भाग कर एक फल गोदाम में जाकर छिप गया।

तेंदुए को देख लोग दहशत में आ गए। दहशत से लोग अपने दरवाजों को बंद कर घरों में कैद हो गए। जिस फल गोदाम में तेंदुआ घुसा था, वहां उसका मालिक सोहेल काम कर रहा था। तभी तेंदुआ गोदाम में घुस आया। तेंदुए को देख सोहेल दहशत में आ गया। उसने बाहर निकलकर शटर गिराकर तेंदुए काे गोदाम में ही बंद कर दिया। फिर सोहेल ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने वन विभाग और पुलिस को इसकी सूचना दी।

जानकारी मिलने पर पुलिस, वन विभाग और वाइल्डलाइफ की रेस्‍क्‍यू टीम मौके पर पहुंची। जिस गोदाम में तेंदुआ बंद था, उसे बाहर निकालने के लिए वाइल्डलाइफ की टीम ने योजना बनाई और रेस्क्यू करने मे जुट गई। रेस्क्यू टीम की घंटों की कवायद के बाद तेंदुए को बेहोश करके पकड़ा गया। एक टैंक में बंद करके वन विभाग की टीम उसे कीठम लेकर रवाना हो चुकी है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

तेंदुए की उम्र आठ से दस साल के बीच में बताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारी के अनुसार संभवत: यह तेंदुआ भरतपुर की तरफ से आया है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले यमुना ब्रिज स्टेशन के पास कुछ बच्चों ने झाड़ियों में तेंदुए को देखा था। आशंका है कि ये वही तेंदुआ है जो आज बस्ती में घुस आया है। सीता नगर यमुना ब्रिज के पास में ही है। रात में वह सीता नगर पहुंचा होगा, इसलिए किसी की नजर नहीं पड़ी।

बता दें कि कुछ साल पहले थाना न्यू आगरा क्षेत्र की इंद्रपुरी कालोनी में भी तेंदुआ आ गया था। स्थानीय लोगों ने तेंदुए को एक बंद पड़ी कोठी में बंद कर दिया था। उस समय भी तेंदुए को वन विभाग की टीम ने कई घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जिंदा पकड़ा था और बाद में जंगल में छुड़वा दिया था।

About The Author

Share the story