देश दुनिया

दुनिया के सबसे बड़े युद्धपोत के साथ भारतीय नौसेना ने अमेरिकी नौसेना के साथ किया युद्धाभ्यास

पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर चीन से जारी टकराव के बीच भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के एक बेड़े ने परमाणु क्षमता से लैस दुनिया का सबसे बड़े युद्धपोत यूएसएस निमित्ज की अगुवाई में अमेरिकी नौसेना के साथ अंडमान निकोबार द्वीप समूह तट के पास सोमवार को सैन्य अभ्यास किया।

यूएसएस निमित्ज दुनिया का सबसे बड़ा युद्धपोत है और दोनों सेनाओं के बीच इस अभ्यास की अहमियत इसलिए बढ़ गई है क्योंकि यह ऐसे वक्त हुआ है जब पूर्वी लद्दाख और दक्षिण चीन सागर में चीन की सेना आक्रामक रुख अपनाए हुए है। अधिकारियों ने बताया कि तेजी से उभरते क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य के मद्देनजर भारतीय नौसेना, अमेरिकी नौसेना और जापान समुद्री सुरक्षा बल जैसे मित्र नौसैन्य बलों के साथ अपने परिचालन सहयोग को भी बढ़ाया है। संसाधन संपन्न क्षेत्र में चीन की नौसेना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और फ्रांस की नौसेनाओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपने आपसी सहयोग को गहरा किया है।

पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच तनाव बढ़ने के बाद सरकार ने सेना के तीनों अंगों को हाई अलर्ट पर रखा है। भारतीय नौसेना को हिंद महासागर के उन क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने को कहा गया है जहां पर चीनी नौसेना से अक्सर उसका सामना होता है। बता दें कि भारत ने पिछले माह जापान की नौसेना के साथ भी इसी तरह का अभ्यास किया था।

About The Author

Share the story