आगरा उत्तर प्रदेश टेक ज्ञान/ हैल्थ

ग्रामीण क्षेत्रों को सस्ती दवाओं की सौगात, हर सीएचसी पर जन औषधि केंद्र खुले

  • जन औषधि केंद्र खुलेने से आगरा जिले 2 लाख मरीजों को मिलेगा लाभ
  • अब 60- 70% सस्ती मिलेंगी दवाएं और सर्जिकल सामान, मरीजों को नहीं लगाने पड़ेंगे बाहर के चक्कर
  • स्वास्थ्य सुविधाओं को जन- जन तक पहुँचाने और इलाज के खर्च को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

आगरा (रोमा)। योगी सरकार में शहर के साथ- साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सस्ती दवाओं का लाभ मिल रहा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एक नई पहल करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के लिए जन औषधि केंद्र खोल दिए हैं। इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों और आम लोगों को दवाओं पर 60 से 70 प्रतिशत तक की भारी छूट मिल सकेगी। जिले के सभी 18 सीएचसी पर ये केंद्र शुरू कर दिए गए हैं।

अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को सरकारी अस्पतालों में सभी दवाएं मुफ्त में नहीं मिल पाती थीं, जिसके कारण उन्हें महंगी दवाएं बाहर के मेडिकल स्टोर से खरीदनी पड़ती थीं। यह स्थिति आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए बड़ी चुनौती थी। इसी समस्या को हल करने के लिए योगी सरकार ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिले के सभी 18 सीएचसी पर जन औषधि केंद्र शुरू कर दिए गए हैं। इन जन औषधि केंद्रों पर 450 से अधिक प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। दवाओं के साथ-साथ, मरीजों को सर्जिकल सामान भी सस्ती दरों पर मिल सकेगा। यह विशेष रूप से उन लाखों मरीजों के लिए राहत की खबर है जो हर महीने इलाज के लिए सीएचसी पहुंचते हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, लेडी लायल, मानसिक चिकित्सालय में जन औषधि केंद्र संचालित हो रहे है। लेकिन अब सीएचसी केंद्र पर भी जेनेरिक दवाएं मिला करेंगी। उन्होंने बताया कि जिले की सीएचसी में हर महीने करीब 2 लाख से अधिक मरीज इलाज कराने आते हैं। इन सभी मरीजों को अब सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उनकी जेब पर पड़ने वाला बोझ काफी कम हो जाएगा। यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो न केवल मरीजों को आर्थिक राहत देगी, बल्कि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी प्रदान करेगी।

About The Author

Share the story