आगरा उत्तर प्रदेश धर्म

आगरा में पहली बार श्री श्याम प्रभु का चार दिवसीय भव्य महोत्सव

  • भक्ति के रंग में रंगेगी ताजनगरी, पोस्टर विमोचन के साथ हुआ शंखनाद

आगरा (रोमा)। ‘हारे के सहारे’ बाबा श्याम के भक्तों के लिए ताजनगरी में भक्ति का अनूठा संगम होने जा रहा है। श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मित्र मंडल लोहा मंडी द्वारा शहर में पहली बार चार दिवसीय भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया जाएगा। इस वृहद महोत्सव की तैयारियों को लेकर जयपुर हाउस स्थित जैन स्मृति भवन में विधिवत पोस्टर विमोचन किया गया।

15 जनवरी को विशाल निशान यात्रा

कार्यक्रम की शुरुआत 15 जनवरी को एक भव्य निशान यात्रा के साथ होगी। श्री श्याम मित्र मंडल लोहा मंडी समिति के अध्यक्ष अभी जैन ने बताया कि निशान यात्रा छोटा चौराहा लोहा मंडी से शुरू होकर श्री खाटू श्याम जी मंदिर जीवन मंडी तक जाएगी। इस दौरान भक्तजन पीले रंग की पारंपरिक पोशाक में बाबा के जयकारे लगाते हुए चलेंगे। पूरी लोहा मंडी और यात्रा मार्ग श्याम बाबा के रंग में रंगा नजर आएगा।

गौ-सेवा और सामाजिक सरोकार

समिति ने भक्ति के साथ-साथ सामाजिक सेवा का भी संकल्प लिया है। महामंत्री अमित अग्रवाल ने जानकारी दी कि 16 जनवरी को शाहगंज स्थित श्री कृष्ण गौशाला में गौ-माता के लिए दिव्य 56 भोग का आयोजन किया जाएगा। वहीं, मीडिया प्रभारी अखिल अग्रवाल ने बताया कि 18 जनवरी को दोपहर 12:00 बजे जैन स्मृति भवन में दो निर्धन कन्याओं का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा। संस्था द्वारा नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का जरूरी सामान भी भेंट किया जाएगा।

मेहंदी उत्सव और सुरीली भजन संध्या

इस महोत्सव में पहली बार नारी शक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता के अनुसार, 17 जनवरी को लोहा मंडी पुनियापड़ा स्थित पथवारी मंदिर में महिला मंडल द्वारा ‘श्याम नाम की मेहंदी’ का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

महोत्सव का समापन 18 जनवरी को शाम 5:00 बजे से एक विशाल भजन संध्या के साथ होगा। महिला मंडल की अध्यक्ष पूजा राधे अग्रवाल ने बताया कि देश के सुप्रसिद्ध श्याम भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर करेंगे। इस दौरान बाबा का अलौकिक श्रृंगार, भव्य दरबार और इत्र वर्षा आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे।

पोस्टर विमोचन में जुटे भक्त

पोस्टर विमोचन के अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, इंद्र खंडेलवाल, मनीष अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, प्रदीप जैन, मोहित अग्रवाल, आंचल, प्रिया, आशी, गुंजन, प्रियंका, प्रीति, नेहा, अनीता जैन, पूजा सचदेवा, विजय सोनी, अनुज गुप्ता, अमित गुप्ता सहित मंडल के तमाम पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आगरा वासियों से इस भक्तिमय उत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।

About The Author

Share the story