आगरा उत्तर प्रदेश

पटाखों के अवैध गोदाम में हुआ विस्फोट, चार की मौत, मासूम बच्ची सहित तीन घायल

आगरा (बृज भूषण): शाहगंज थाना क्षेत्र के न्यू आज़म पाड़ा में रविवार दोपहर करीब एक बजे एक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि करीब एक किलोमीटर दूर तक लोगों को सुनाई दी। लोगों के घरों के दरवाजे और खिड़कियां हिल गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। आसपास के लोगों को सिर्फ धुआं ही धुआं दिखाई दिया। इस विस्फोट में चार लोगों की मौत हुई है, वहीं मासूम बच्ची सहित तीन लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं।

विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने में जुट गईं। धमाका मुगल फायरवर्क्स के मालिक चमन मंसूरी के घर हुआ है। आगरा के एसएसपी बबलू कुमार के मुताबिक इस घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई है और मासूम बच्ची सहित तीन लोग गंभीर रुप से घायल है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि पटाखे घर में रखे थे, जहां सिलिंडर फटने से विस्फोट हुआ और घर में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि घर में रहने वालों के अंगों के चिथड़े उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सिलिंडर में विस्फोट के बाद घर में रखी आतिशबाजी में धमाका हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

About The Author

Share the story