आगरा क्राइम

पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बिल्लू उर्फ कालिया गिरफ्तार, दो पुलिसकर्मी भी हुए घायल

आगरा (रोमा): बरहन थाना क्षेत्र में रविवार देरशाम एसटीएफ और पुलिस टीम की इनामी बदमाश बिल्लू उर्फ कालिया से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश बिल्लू उर्फ कालिया के पैर में गोली लग गई और वो घायल हो गया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। 

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि 25 हजार का इनामी बदमाश बिल्लू उर्फ कालिया पुत्र इरफान उर्फ मुंशी निवासी कासगंज थाना बरहन क्षेत्र के बैनई गांव के पास से गुजर रहा है। जिसके बाद थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बदमाश की घेराबंदी शुरू की। इस दौरान बदमाश और पुलिस की तरफ से करीब आधा दर्जन राउंड फायर किए गए। इस दौरान पुलिस की गोली बदमाश बिल्लू उर्फ कालिया के पैर में लग गई और वह बाइक से गिर पड़ा। तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया है।

मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। इन दोनों को भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने इसके पास से एक बाइक और एक तमंचा बरामद किया है। बता दें कि बिल्लू उर्फ कालिया पर भैंस चोरी समेत अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

About The Author

Share the story