आगरा देश दुनिया

ASI ने चित्रों से दिखाई बापू की जीवंत कहानी

आगरा (बृज भूषण): आज पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 151वीं जयंती मना रहा है। जगह-जगह बापू की याद में कार्यक्रम किए जा रहे है। आगरा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 151वीं जयंती पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा सिकंदरा अकबर टॉम्ब पर एक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें गांधी के जीवन चरित्र, संघर्ष और सत्याग्रह पर आधारित चित्र प्रदर्शित किए गए। साथ ही गांधी जी द्वारा किए गए सत्याग्रह और आंदोलन के दौरान हुई मीडिया कवरेज को भी प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया।

एएसआई के संरक्षण सहायक अंकित नामदेव ने कहा कि आज जब देश और दुनिया में इंसान और इंसान के बीच की नफरत बढ़ती जा रही है। चारो ओर हिंसा का वातावरण है, ऐसे में गांधी के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। ऐसे में गांधी जी की 151वीं जयंती पर विशेष तौर पर आज सिकंदरा अकबर टॉम्ब पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।

इस प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्कूलों के बच्चे और देसी-विदेशी पर्यटक सिकंदरा पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांधी के विचारों पर चलकर ही एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। समाज में सद्भाव कायम रहे यह सबसे अधिक जरूरी है। वहीं इस प्रदर्शनी के जरीये हमें बापू के बचपन से लेकर अंतिम वक्त की सारी जानकारियां प्राप्त हुई।

लोगों की अभिरुचि को देखते हुए एएसआई ने प्रदर्शनी को कुछ दिनों के लिए और बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस दौरान गृह मंत्रालय द्वारा जारी कोविड-19 गाइडलाइन का सभी लोगों से अनुपालन कराया गया। सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग, सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क के साथ ही स्मारक में प्रवेश दिया गया।

About The Author

Share the story