खेल

रैकेट बेचने को मजबूर हुई जिला बैडमिंटन चैंपियन

आगरा: सात बार की जिला बैडमिंटन चैंपियन रही राधा ठाकुर मुफलिसी में अपना रैकेट बेचने के लिए मजबूर हो गई है। है। राधा कई राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुकी है। इस समय वे बैडमिंटन की राष्ट्रीय टीम की सदस्य भी है। लॉकडाउन में पिता राजेंद्र और भाई संजू सिंह की नौकरी छिन गई। टूर्नामेंट जीतकर जो पैसा मिल जाता था, वो भी नहीं मिल रहा। घर में खाने-पीने तक की दिक्कत हो गई है। राधा का कहना है कि रैकेट बेचने से ज्यादा न सही लेकिन दो दिन के खाने का तो इंतजाम हो ही जाएगा।

20 वर्षीय राधा आगरा के सदर थाना क्षेत्र के नंद टॉकीज चौराहे के पास एक कमरे के मकान में माता, पिता और भाई के साथ रहती हैं। लॉकडाउन से एक महीने पहले ही भाई संजू की नौकरी मुंबई में एक निजी कंपनी में लगी थी। लॉकडाउन के बाद कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया। पिता राजेंद्र सिंह आगरा में ही एक निजी कंपनी में काम करते थे। उनकी नौकरी भी छूट गई। चार सदस्यों के परिवार में आमदनी शून्य हो गई। जो थोड़ी-बहुत जमापूंजी थी, वो खर्च हो गई और अब कोई उधार भी नहीं दे रहा। राधा ने घर में एक गाय है और अब उसके चारे के लिए भी पैसे नहीं है। कोई सदस्य बीमार हो जाए तो दवा कहां से लाएं। यह बहुत ही दुख भरा निर्णय है लेकिन रैकेट बेचने के सिवाय कोई चारा नहीं है। इससे ज्यादा न सही, लेकिन दो दिन का खर्च तो निकल ही जाएगा।

राधा ठाकुर ने अब यूपी की योगी और केंद्र की मोदी सरकार आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। राधा कहती है कि जब योगी जी और मोदी जी बेटियों के लिए इतना कुछ करते है तो वो जरुर मेरी मदद करेंगे।

राधा की समस्या सामने आने पर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन भी मदद को आगे आया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद शीतलानी ने कहा कि देश और राज्य स्तर की प्रतियोगिता में शहर का नाम रोशन करने वाली राधा की दिक्कतों को दूर किया जाएगा। उन्हें एसोसिएशन की ओर से आर्थिक सहयोग के साथ उनके पिता या भाई में से किसी एक की प्राइवेट नौकरी की व्यवस्था भी की जाएगी।

वहीं अंतर्राष्ट्रीय सीनियर बैडमिंटन खिलाड़ी अरविंद कुमार मेहता का कहना है कि होनहार खिलाड़ी के सपनों को हम टूटने नही देंगे और आर्थिक रुप से कमजोर हर खिलाड़ी की मदद हम जरुर करेंगे।

बता दें कि राधा ठाकुर सात बार की जिला चैंपियन हैं। राधा ठाकुर ने फर्स्ट सीनियर मेजर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2019 की रनर अप (डबल्स), यूपी स्टेट सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2020 की रनर अप (डबल्स), यूपी स्टेट फर्स्ट सीनियर मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट-2018 की सेमी फाइनलिस्ट (सिंगल्स), यूपी स्टेट फर्स्ट सीनियर मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट-2019 की सेमी फाइनलिस्ट (डबल्स) सहित कई प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर शहर का नाम रौशन किया है। लेकिन अब मुफलिसी में उसे मदद की दरकार है।

About The Author

Share the story