आगरा उत्तर प्रदेश देश दुनिया

अब दृष्टि दिव्यांग भी जान सकेंगे ताजमहल सहित अन्य स्मारकों का इतिहास, ब्रेल लिपि में दर्ज हुए ‘आगरा के प्रमुख स्मारक’

आगरा: दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल, मुगलों की शान के गवाह रहे आगरा किला, मुगलों की राजधानी रही फतेहपुर सीकरी समेत अन्य स्मारकों का इतिहास अब दृष्टि दिव्यांग भी जान सकेंगे। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के आगरा सर्किल ने ब्रेल लिपि में पुस्तक “आगरा के प्रमुख स्मारक’ तैयार कराई है। इस पुस्तक का विमोचन आगरा के मेयर नवीन जैन ने किया।

ब्रेल लिपि में तैयार कराई गई पुस्तक में आगरा के प्रमुख स्मारकों को शामिल किया गया है। इनमें ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग, राम बाग मरियम टॉम्ब के साथ ही लेसर नान मान्यूमेंट्स चीनी का रोजा, हाथीखाना, जामा मस्जिद, बुढ़िया का ताल समेत 15 स्मारकों का इतिहास व उनसे जुड़ी जानकारी दी गई है। इससे दृष्टि दिव्यांग पर्यटक स्मारकों के बारे में सही जानकारी पा सकेंगे और उन्हें किस्सों व सुनी हुई बातों पर विश्वास नहीं करना पड़ेगा।

पुस्तक को हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार कराया गया है। हिंदी भाषी राज्यों के पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए हिंदी और दक्षिण भारतीय राज्यों के पर्यटकों के लिए अंग्रेजी भाषा में पुस्तक को तैयार किया गया है।

एएसआई द्वारा आगरा के स्मारकों पर तैयार कराई गई ब्रेल लिपि की ये चौथी पुस्तक है। इससे पूर्व राजस्थान के किले, दिल्ली के स्मारक, उत्तराखंड के स्मारक पर ब्रेल लिपि में पुस्तक बन चुकी हैं। इससे पहले एएसआइ के देहरादून सर्किल के लिए उन्होंने दृष्टि दिव्यांग पर्यटकों के लिए स्पीकिंग वेबसाइट भी तैयार कराई थी।

About The Author

Share the story