आगरा उत्तर प्रदेश

भूमि पूजन की खुशी में दीपों से जगमगाई ताजनगरी

आगरा: अयोध्या में राममंदिर के भूमि पूजन के बाद ताजनगरी आगरी की धरती भी दीपों के अनुपम श्रृंगार से जगमगा उठी। दीपों से रोशन ताजनगरी की स्वर्णिम आभा के प्रति भक्तों की दीवानगी दिखी। सभी रामभक्तों ने सांझ ढलते ही अपने घरों में घी के दीपक जलाए और घरों को रंग- बिरंगी झालरों से सजाया। सूरज ढलते ही एक साथ लाखों दिए जगमगा उठे। अंतर्मन को अह्लाद से भर देने वाली रंगोली, राम पर आधारित कलाकृतियों के साथ दीपों की युगलबंदी आकर्षण का सबब बन रही थी।

ताजनगरी में आस्था, उत्साह और उमंग की त्रिवेणी नज़र आयी। आगरा के कमला नगर के ई-ब्लॉक में भी श्रीराम मंदिर के भूमिपूजन पर दीपोत्सव मनाया गया। लोगों ने घरों को दीपों और झालरों से सजाया और जमकर आतिशबाजी भी की। भगवान राम के जयकारे लोगों में उत्साह का चरम बयां कर रहे थे। इस दृश्य को देखने के लिए हर कोई बेताब दिख रहा था। राम भक्त केशव अग्रवाल ने कहा कि यह दीप राममंदिर निर्माण की प्रतीक्षा पूर्ण होने की खुशी के हैं। इसमें सनातन धर्म के साथ सत्य और न्याय की जीत का मूल्य निहित है।

कार्यक्रम के सह आयोजक गौरव बंसल ने बताया कि रामभक्तो के लिए आज का दिन दीपावली से भी बड़ा है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विश्व हिंदू परिषद के सुनील कुमार, रवि दुवे, दिग्विजय नाथ तिवारी, सुरेंद्र त्यागी, वैभव गर्ग, हिमांशु अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, दिशांत जैसवाल आदि मौजूद रहे।

About The Author

Share the story